मेरठ कचहरी में बहन की हत्या करने पहुंचा भाई तमंचा-कारतूस समेत गिरफ्तार
मेरठ
पुलिस की सतर्कता से मेरठ कचहरी में शनिवार को खूनखराबा होने से बाल-बाल बच गया। कचहरी गेट पर चेकिंग में एक युवक तमंचा-कारतूस के साथ पकड़ा गया। उसका साथी भाग निकला। खुलासा हुआ कि पकड़ा गया आरोपी अपनी बहन की हत्या करने कचहरी जा रहा था, जो कोर्ट मैरिज करने की तैयारी में थी। भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से बीते गुरुवार को बीए की छात्रा संदिग्ध परिस्थतियों में लापता हो गई। परिजनों ने खोजबीन की। पता चला कि वह पानीपत में रहने वाले मौसेरे भाई संग गई है। छात्रा के परिजनों को शनिवार सुबह जानकारी हुई कि लड़का-लड़की कोर्ट मैरिज के कागजात तैयार कराने के लिए मेरठ कचहरी में आ रहे हैं। इस सूचना के बाद छात्रा का भाई उसकी हत्या के इरादे से एक अन्य युवक के साथ तमंचा-कारतूस लेकर कचहरी पहुंच गया।
अंबेडकर चौक स्थित कचहरी गेट से दोनों एंट्री करने लगे। पुलिस चेकिंग में छात्रा का भाई पकड़ा गया। उससे तमंचा-कारतूस बरामद हुआ। उसका दूसरा साथी भाग निकला। उसके पास एक तमंचा और करीब 15 से ज्यादा कारतूस बताए गए। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं।
सिविल लाइन इंस्पेक्टर अब्दुर रहमान सिद्दीकि ने बताया कि आरोपी भाई से पूछताछ हुई। उसने बताया कि वह अपनी बहन की गुमशुदगी के संबंध में राय लेने के लिए अधिवक्ता के पास आ रहा था। हालांकि, सवाल उठता है कि वह अधिवक्ता के पास आ रहा था तो तमंचे-कारतूस की क्या जरूरत थी। उधर, पुलिस छानबीन में यह बात सामने आई है कि परिजनों को छात्रा के कचहरी में आने की सूचना थी। इसी पर वह भी आए थे।
छात्रा के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी के संबंध में न तो मौखिक सूचना दी है और न ही कोई लिखित रूप में तहरीर दी है। - नीरज मलिक, इंस्पेक्टर थाना भावनपुर

पाठको की राय